रिश्तों की असली पूंजी: तालमेल और समझौते का संतुलन
संपादकीय@हरेश पंवार -01-06-2026 *रिश्तों की असली पूंजी: तालमेल और समझौते का संतुलन* आधुनिक जीवन की सबसे बड़ी विडंबना यह है कि सुविधाएं बढ़ती जा रही हैं, लेकिन रिश्तों में दूरियां भी उसी गति से बढ़ रही हैं। परिवार छोटे होते जा रहे हैं, संवाद कम होता जा रहा है और अहंकार का दायरा बढ़ता जा रहा है। ऐसे समय में हमारे बुजुर्गों द्वारा कही गई एक साधारण-सी बात जीवन का बड़ा दर्शन प्रस्तुत करती है कि “परिवार, समाज और किसी भी रिश्ते को निभाने की कला में तालमेल और समझौता दो सबसे बड़े स्तंभ हैं।” यहां मैं बोलूंगा तो फिर कहोगे कि बोलता है रिश्ते केवल खून के संबंधों से नहीं चलते, बल्कि भावनाओं, विश्वास और परस्पर सम्मान से संचालित होते हैं। यदि जीवन को एक रथ माना जाए तो रिश्ते उसके पहिए हैं और तालमेल व समझौता उन पहियों को संतुलित रखने वाले आधार। इनके बिना जीवन का सफर कठिन और असंतुलित हो जाता है। आज अधिकांश विवादों की जड़ यह नहीं होती कि लोग एक-दूसरे से प्रेम नहीं करते, बल्कि समस्या यह होती है कि वे अपनी बात को ही अंतिम सत्य मान लेते हैं। हर व्यक्ति चाहता है कि सामने वाला उसकी भावनाओं को स...