कॉकरोच जनता पार्टी” : मज़ाक, आक्रोश या व्यवस्था के खिलाफ डिजिटल विद्रोह

संपादकीय@हरेश पंवार # 23-05-2026

*“कॉकरोच जनता पार्टी” : मज़ाक, आक्रोश या व्यवस्था के खिलाफ डिजिटल विद्रोह?*
भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में समय-समय पर ऐसे जनआंदोलन उभरे हैं, जिन्होंने सत्ता और व्यवस्था को आईना दिखाने का काम किया है। कभी यह आंदोलन सड़कों पर दिखाई दिए, तो कभी सोशल मीडिया के माध्यम से जनभावनाओं का विस्फोट बनकर सामने आए। हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर तेजी से उभरे “कॉकरोच जनता पार्टी” नामक डिजिटल अभियान ने भी कुछ ऐसे ही सवाल खड़े किए हैं। यह केवल एक व्यंग्यात्मक नाम या इंटरनेट ट्रेंड नहीं, बल्कि युवाओं के भीतर पनप रहे आक्रोश, असुरक्षा और व्यवस्था के प्रति अविश्वास का संकेत माना जा रहा है। यहां मैं बोलूंगा तो फिर कहोगे कि बोलता है।

इस पूरे विवाद की शुरुआत भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की उस टिप्पणी से हुई, जिसमें कुछ बेरोजगार युवाओं और व्यवस्था पर हमला करने वाले तत्वों को “कॉकरोच” और “पैरासाइट” जैसे शब्दों से जोड़े जाने का आरोप लगा। बाद में मुख्य न्यायाधीश ने स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणी को गलत संदर्भ में प्रस्तुत किया गया और उनका इशारा फर्जी डिग्री के सहारे व्यवस्था में प्रवेश करने वालों की ओर था, ना कि समस्त बेरोजगार युवाओं की ओर।  लेकिन तब तक सोशल मीडिया पर यह मुद्दा भावनात्मक रूप ले चुका था।

इसी पृष्ठभूमि में विदेश में बैठे एक युवक द्वारा शुरू किया गया “कॉकरोच जनता पार्टी” नामक व्यंग्यात्मक डिजिटल मंच देखते-देखते लाखों युवाओं का केंद्र बन गया। रिपोर्टों के अनुसार, इस मंच ने बहुत कम समय में करोड़ों फॉलोअर्स आकर्षित कर लिए, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि देश का युवा वर्ग भीतर ही भीतर गहरे असंतोष से गुजर रहा है। 

यह आंदोलन केवल एक शब्द के विरोध तक सीमित नहीं दिखाई देता। इसके पीछे बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली, पेपर लीक, अवसरों की कमी और राजनीतिक दलों से निराशा जैसी कई वजहें जुड़ी हुई हैं। हाल ही में हुए NEET परीक्षा विवाद और पेपर लीक के आरोपों ने लाखों छात्रों और अभिभावकों के मन में गहरा अविश्वास पैदा किया। ऐसे समय में जब युवा वर्ग भविष्य को लेकर असुरक्षित महसूस कर रहा हो, तब किसी भी संवेदनशील टिप्पणी का बड़ा सामाजिक और राजनीतिक असर होना स्वाभाविक है।

भारत की राजनीति का इतिहास बताता है कि जब भी व्यवस्था और जनता के बीच दूरी बढ़ी है, तब नए वैचारिक या राजनीतिक विकल्प उभरकर सामने आए हैं। अन्ना हज़ारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन से लेकर नई राजनीतिक शक्तियों के उदय तक, जनता ने समय-समय पर अपने गुस्से को लोकतांत्रिक माध्यमों से व्यक्त किया है। आज सोशल मीडिया उसी लोकतांत्रिक अभिव्यक्ति का नया मंच बन चुका है। फर्क सिर्फ इतना है कि अब आंदोलन जंतर-मंतर की सड़कों पर नहीं, बल्कि मोबाइल स्क्रीन और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दिखाई देते हैं।

हालांकि, यह भी उतना ही महत्वपूर्ण है कि ऐसे आंदोलनों को केवल भावनात्मक उबाल के रूप में नहीं देखा जाए। लोकतंत्र में असहमति और विरोध स्वाभाविक हैं, लेकिन यदि कोई डिजिटल मंच जनभावनाओं को भड़काकर अराजकता या संस्थाओं के प्रति अविश्वास फैलाने का माध्यम बन जाए, तो यह राष्ट्रीय चिंता का विषय भी बन सकता है। विशेष रूप से तब, जब उसके संचालन और वित्तीय या वैचारिक स्रोत देश के बाहर से जुड़े हों। इसलिए इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से समझने की आवश्यकता है।

सरकार और एजेंसियों के लिए भी यह एक चेतावनी है कि युवा वर्ग के भीतर बढ़ रही बेचैनी को केवल “ट्रोल संस्कृति” या “मीम राजनीति” कहकर खारिज नहीं किया जा सकता। जब लाखों युवा किसी व्यंग्यात्मक प्रतीक के पीछे खड़े दिखाई दें, तो यह संकेत है कि वे व्यवस्था से संवाद चाहते हैं। बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार, महंगाई और अवसरों की कमी जैसे मुद्दों पर ठोस समाधान के बिना केवल प्रचार और राजनीतिक भाषण युवाओं का भरोसा वापस नहीं ला सकते।

दूसरी ओर विपक्षी दलों के लिए भी यह आत्ममंथन का समय है। यदि जनता सोशल मीडिया पर व्यंग्यात्मक “कॉकरोच जनता पार्टी” जैसे मंचों में विकल्प तलाश रही है, तो इसका अर्थ है कि पारंपरिक विपक्ष भी जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा नहीं उतर पा रहा। लोकतंत्र में खाली स्थान कभी खाली नहीं रहता—वह किसी ना किसी नए विचार, आंदोलन या नेतृत्व से भर जाता है।

अंततः, “कॉकरोच जनता पार्टी” चाहे एक व्यंग्यात्मक डिजिटल ट्रेंड हो या अस्थायी जनभावना, लेकिन इसने भारतीय राजनीति और समाज को एक गंभीर संदेश जरूर दिया है—देश का युवा केवल नारों से संतुष्ट नहीं है। वह सम्मान, रोजगार, पारदर्शिता और जवाबदेही चाहता है। यदि व्यवस्था इन आवाजों को सुनने के बजाय दबाने का प्रयास करेगी, तो असंतोष और गहरा हो सकता है।

लोकतंत्र की खूबसूरती इसी में है कि जनता समय-समय पर सत्ता और व्यवस्था को आईना दिखाती रहती है। अब यह सरकार, विपक्ष और संस्थाओं पर निर्भर करता है कि वे इस आईने में दिख रही तस्वीर को समझते हैं या उसे केवल “सोशल मीडिया का शोर” मानकर अनदेखा कर देते हैं।

*भीम प्रज्ञा अलर्ट* 

“रिश्तों की असली कीमत शब्दों से नहीं, समय और व्यवहार से तय होती है।जो इंसान आपके कठिन समय में साथ खड़ा रहे, वही जीवन का सच्चा धन है।”

Comments

Popular posts from this blog

संवैधानिक इस्तीफा या मजबूरी का मंथन – उपराष्ट्रपति धनखड़ का कदम और लोकतंत्र की गूंज

"भोजन की थाली में हमारी सभ्यता का आईना"

थका हुआ मन ही सबसे पहले बूढ़ा होता है।