शिक्षा के दीप से रोशन होता जीवन
*शिक्षा के दीप से रोशन होता जीवन*
6 जून 2025
जहां-जहां शिक्षा पहुंची, वहां-वहां नई उम्मीदों ने जन्म लिया। जहां लोग सदियों से अंधेरे में थे वहां शिक्षा के उजाले ने नया उजास पैदा किया। आज वे लोग उजाले के पथ प्रदर्शक बन गए हैं। उन्ही शिक्षा के सारथियों ने न केवल अपने जीवन की बल्कि समाज की कायनात को बदल डाला है। यहां मैं बोलूंगा तो फिर कहोगे कि बोलता है।
"शिक्षा सिर्फ किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि जीवन को देखने का नया दृष्टिकोण है।" जहां कभी लोग जीवन से हार मान बैठे थे, आज वही लोग शिक्षा के सहारे समाज को नई दिशा दे रहे हैं। ऐसे कई उदाहरण हैं जो बताते हैं कि जब व्यक्ति शिक्षा का दामन थामता है, तो न केवल उसका भविष्य बदलता है, बल्कि उसका पूरा परिवेश, समाज और आने वाली पीढ़ियों की सोच भी बदल जाती है।
शिक्षा से अब अंधेरे में उम्मीदों के दीप जलने लगे हैं। सुदूर गांव की चौपाल से लेकर शहर की झुग्गियों तक — वहां जहां पहले बच्चों के हाथों में किताबों की जगह बोझ था, अब वहाँ शब्दों की शक्ति है।
कई बार आर्थिक तंगी, सामाजिक तिरस्कार और पारिवारिक कलह जैसे हालात इंसान को तोड़ देते हैं, लेकिन जब वही इंसान शिक्षा का सहारा लेकर खड़ा होता है, तो वह टूटे सपनों को जोड़ने लगता है।
शिक्षा ने बदली तस्वीर, बनाई तक़दीर, जैसे भिर्र गांव की योगिता — सीमित साधनों और घरेलू तनावों के बीच पढ़ाई की लौ को बुझने नहीं दिया। मां कपड़े सिलती रही, बेटी पढ़ती रही।
मोटिवेशनल गाइड बने इंजीनियर संदीप नेहरा, जिन्होंने समय-समय पर हौसला बढ़ाया, फीस में सहायता की, और जीवन की दिशा बदल दी।
आज योगिता गांव की चौपाल में सम्मान की प्रतीक बन गई है।
शिक्षा नहीं तो जीवन ठहर जाता है। जहां शिक्षा नहीं पहुंचती, वहां अज्ञान, गरीबी और सामाजिक पिछड़ापन घर कर लेता है।
पर जहां शिक्षा पहुंचती है, वहां सोच में निखार आता है, महिलाएं सशक्त होती हैं, युवा नेतृत्व करता है और बुजुर्ग सम्मान पाते हैं।
शिक्षा : समाज को जोड़ने वाली पुलिया है। शिक्षा ने ब्राह्मण-पंडित और दलित-मेघवाल के बीच खाई को पाट दिया है। अब विद्यार्थी का मूल्य उसकी जाति से नहीं, उसकी मेहनत और मार्कशीट से आँका जाता है।यही तो है असली सामाजिक समरसता — जिसे डॉ. अंबेडकर ने संविधान में देखा और आज की पीढ़ी ने व्यवहार में ढाला।
शिक्षा है तो उजाला है, शिक्षा है तो समाज का भला है। एक गरीब बच्ची जो कभी स्कूल का सपना भी नहीं देख सकती थी, आज मेडिकल प्रवेश की तैयारी कर रही है। एक मजदूर का बेटा, जो कभी झुग्गी में बड़ा हुआ, आज इंजीनियर बन देश की सेवा कर रहा है। एक विधवा मां, जो कभी थक कर बैठ गई थी, अब बेटी की सफलता के साथ नई जिंदगी जी रही है। ये उदाहरण सिर्फ कहानियां नहीं, ये हमारे समाज के वो पन्ने हैं जिन्हें शिक्षा ने स्वर्ण अक्षरों से लिखा है।
"जो शिक्षा को साध लेते हैं, वो खुद को गढ़ लेते हैं।" समाज के हर वर्ग, खासकर वंचित तबकों को चाहिए कि वे बच्चों को शिक्षा की ओर प्रेरित करें। जो कल झोपड़ी में पढ़ा था, वह आज संविधान की बात कर रहा है। यही है शिक्षा का असली चमत्कार।
Comments
Post a Comment