"दर्द और दुःख का मनोविज्ञान: पीड़ा से परे जीवन की खोज"
संपादकीय
10 जून 2025
*"दर्द और दुःख का मनोविज्ञान: पीड़ा से परे जीवन की खोज"*
"दर्द शरीर में होता है, दुख मन में होता है। लेकिन जब मन दर्द को पकड़ लेता है, तो वह पीड़ा बन जाती है।" जीवन की सबसे बड़ी सच्चाइयों में से एक यह है कि दुख, दर्द और पीड़ा हमारे अनुभव का अभिन्न हिस्सा हैं। हम चाहें या न चाहें, इनसे कोई बच नहीं सकता। लेकिन इनसे कैसे निपटें, यह पूरी तरह हमारे हाथ में है। अक्सर लोग यह समझते हैं कि पीड़ा केवल एक बाहरी घटना है — कोई बीमारी, कोई दुर्घटना, कोई क्षति — परंतु गहराई से सोचने पर पता चलता है कि दर्द शरीर को होता है, जबकि पीड़ा का जन्म विचारों में होता है। यहां मैं बोलूंगा तो फिर कहोगे कि बोलता है।
एक कट लगने पर जो चुभन होती है, वह दर्द है। लेकिन अगर वही कट किसी अपमान की याद दिलाता है, किसी रिश्ते की टूटन से जुड़ जाता है, तब वही दर्द पीड़ा बन जाता है। यह पीड़ा केवल शरीर तक सीमित नहीं रहती, वह भीतर तक धंस जाती है और भावनात्मक, मानसिक और आत्मिक स्तर पर असर डालती है।
दर्द को दुख बनने से कैसे रोका जाए? इसके लिए हमें दर्द और दुःख का फर्क समझना बेहद ज़रूरी है। शरीर को चोट लगना, बुखार होना, थक जाना — ये सब क्षणिक दर्द हैं। लेकिन जब हम उस पर चिंतन करते रहते हैं, बार-बार उसे याद करते हैं, उसके साथ भावनाएं जोड़ लेते हैं, तो वही दर्द दुख में बदल जाता है। उदाहरण के लिए, किसी करीबी का जाना एक शारीरिक और भावनात्मक पीड़ा है — लेकिन उसे वर्षों तक जीते रहना, खुद को उस घटना में उलझाए रखना, यह मन का दुःख बन जाता है।
महाभारत के अर्जुन को जब युद्ध भूमि में अपने ही स्वजनों को सामने देखकर दुख हुआ, तब वह मानसिक पीड़ा में डूब गया। लेकिन श्रीकृष्ण ने उसे ज्ञान, विवेक और कर्तव्य का बोध कराकर उस दुख को स्वीकार कर, उससे ऊपर उठने की प्रेरणा दी।
भावनात्मक कमजोरी और अनियंत्रित सोच पीड़ा का कारण बनता है। क्योंकि हमारा मन जब भावनात्मक रूप से कमजोर होता है, तो छोटी-छोटी बातें भी बड़ा असर छोड़ती हैं। एक छोटी आलोचना, एक तिरछी निगाह, या एक अस्वीकृति — इनसे हम टूट जाते हैं, क्योंकि हमने अपने मूल्यांकन का अधिकार दूसरों को दे दिया होता है।
आज का यथार्थ यह है कि सोशल मीडिया के जमाने में लोग "लाइक्स" से आत्म-मूल्यांकन करते हैं और "कॉमेंट्स" से आत्म-सम्मान। जब तक हम अपने भीतर से मज़बूत नहीं बनेंगे, बाहरी दुनिया हमें बार-बार तोड़ती रहेगी।
बिन बुलाए बारिश की तरह, दर्द की तरह दुःख भी आता है कहते हैं, "इंसान को अप्रत्याशित बारिश और बिन बुलाए दर्द, दोनों को सहना पड़ता है।" कोई रिश्ता अचानक टूट जाए, कोई सपना अधूरा रह जाए, कोई प्रिय व्यक्ति हमें छोड़ जाए — ये सब जीवन की वह बारिश हैं जो बिना चेतावनी के आती हैं। लेकिन हम कब तक उस भीगेपन में सिहरते रहेंगे? हमें सुख की धूप भी तलाशनी होगी।
धैर्य और समय: दो सबसे सशक्त उपचारक है। किसी भी पीड़ा से उबरने के लिए धैर्य और समय ही असली औषधि हैं। जैसे घाव भरने में समय लगता है, वैसे ही मानसिक घावों को भी भरने के लिए सहनशीलता और आत्मविवेक की आवश्यकता होती है। यह जरूरी नहीं कि पीड़ा का कोई अंत हो, लेकिन उसका असर कम किया जा सकता है — अपने दृष्टिकोण से।
स्टीफन हॉकिंग, जो एक जानलेवा बीमारी से जूझते रहे, उन्होंने न केवल विज्ञान में अविस्मरणीय योगदान दिया बल्कि साबित किया कि शरीर का दर्द मन की उड़ान को नहीं रोक सकता।
एकाग्रता और आत्मचिंतन: पीड़ा से परे की शक्ति है। मन की शक्तियाँ सूर्य की किरणों की तरह हैं — जब ये बिखरी होती हैं, तो सामान्य गर्मी देती हैं, लेकिन जब ये एकाग्र होती हैं, तो अग्नि बन जाती हैं। यही कारण है कि ध्यान, आत्मचिंतन और आत्मस्वीकृति हमें पीड़ा से ऊपर उठाने की शक्ति देते हैं।
दूसरों के मूल्यांकन से दूर रहें क्योंकि कई बार जो लोग हमें जज करते हैं, उनका खुद का कोई मूल्य नहीं होता। जीवन में दूसरों की सोच को अपने आत्म-सम्मान का आधार न बनाएं। आपका मूल्य आपके कर्मों, विचारों और आपकी सहनशीलता में छिपा होता है, न कि बाहरी प्रशंसा में।
पीड़ा को शिक्षक बनाएं, कैदी नहीं, क्योंकि दर्द, दुख और पीड़ा से भागा नहीं जा सकता, लेकिन उन्हें एक गुरु की तरह अपनाया जा सकता है। जो हमें सिखाए कि हम भीतर से कितने मजबूत हैं, और हमें क्या छोड़ देना चाहिए ताकि हम आगे बढ़ सकें।
जीवन जब चोट दे, तो रुकिए नहीं। सोचिए, सीखिए और फिर से चल पड़िए — क्योंकि सुख कभी भी स्थायी नहीं होता, लेकिन दुख भी नहीं।
Comments
Post a Comment