रील में उलझी रियल ज़िंदगी: लाइक्स के लिए लड़ते रिश्ते, फिल्टर में छिपा खालीपन
संपादकीय
5 जुलाई 2025
*"रील में उलझी रियल ज़िंदगी: लाइक्स के लिए लड़ते रिश्ते, फिल्टर में छिपा खालीपन"*
"लाइक्स बढ़ रहे हैं, लेकिन ज़िंदगी 'लो बैटरी' मोड में जा रही है।" कभी रिश्ते आंखों में उतरते थे, अब स्क्रीन पर टिकते हैं। कभी इंसान बोलता था, आज वो स्टोरी डालता है। ‘रील’ ने हमारी ‘रियलिटी’ को कैसे निगल लिया, इसका अंदाज़ा अब तब होता है जब परिवार में बात करने के लिए वीडियो कॉल करना पड़ता है—वो भी एक-दूसरे के कमरे से! यहां मैं बोलूंगा तो फिर कहोगे कि बोलता है।
आज हर हाथ में मोबाइल है, और हर आंखें रीलों में गड़ी हैं। जो दिखता है, वही बिकता है—यह बाजारवाद अब सामाजिक संबंधों में भी उतर आया है। सोशल मीडिया ने एक नया ‘डिजिटल थियेटर’ रच दिया है, जिसमें हर इंसान एक अभिनेता है। भावनाएं स्क्रिप्टेड, खुशियां फिल्टर्ड, और दुख – अपलोड न करने योग्य।
जो प्लेटफॉर्म कभी जुड़ने के लिए था, अब वह तुलना और प्रतिस्पर्धा का अखाड़ा बन गया है। “उसके पास आईफोन है, मुझे भी लेना है”, “उसने दुबई घूम लिया, मुझे भी दिखाना है।” इस दिखावे की दौड़ में इंसान थकता जा रहा है, पर रुक नहीं रहा।
नतीजा?तनाव, अकेलापन और आत्मग्लानि बढ़ी है। किशोरों में डिप्रेशन और आत्महत्या की दर चिंताजनक स्तर पर पहुंच गई है।असल रिश्ते स्क्रीन के पीछे धुंधले हो गए हैं।हर लाइक, हर हार्ट, हर फॉलो—एक डोपामिन का डोज़। एक सेकंड की ख़ुशी, फिर लंबी बेचैनी। यह डिजिटल नशा अब चाय से ज़्यादा ज़रूरी हो गया है।
बच्चे किताबों की जगह इंस्टाग्राम रील्स में उलझे हैं। युवाओं का कैरियर 'कन्टेंट क्रिएटर' बनकर ट्रेंड कर रहा है—सिर्फ इसलिए कि स्क्रीन पर गाड़ी, कपड़े और चेहरे चमकते दिखते हैं।
पर असल जीवन? ईएमआई
से दबा, रिश्तों से कटा, और असुरक्षा से घिरा। अब त्यौहार की मिठास में प्यार कम, पोज़ ज़्यादा होता है। “पहले फोटो खींचो, फिर खाना खाओ”—यह नई संस्कृति बन गई है।पति-पत्नी अब एक-दूसरे से ज़्यादा अपने फॉलोअर्स को इंप्रेस करने में लगे हैं। माता-पिता बच्चों के साथ खेलने के बजाय उनके वीडियो बनाने में व्यस्त हैं।
कभी-कभी लगता है कि हम ज़िंदगी जी नहीं रहे, बस रिकॉर्ड कर रहे हैं।
एक सर्वे के मुताबिक, 13-24 आयु वर्ग के 61% युवाओं को अपने सोशल मीडिया अकाउंट की चिंता नींद से ज़्यादा सताती है। आज यह डर है कि –"अगर स्टोरी पर रिप्लाई नहीं आया तो?""मेरे फोटो पर 100 लाइक नहीं आए तो क्या मैं बदसूरत हूं?""सब बाहर घूम रहे हैं, मैं ही घर में क्यों बैठा हूँ?" ये सवाल आत्मविश्वास नहीं, आत्म-संदेह को जन्म देते हैं।
रील्स ज़रूरी हैं, पर रियल ज़िंदगी उनसे भी ज़्यादा ज़रूरी है। एक दिन मोबाइल की बैटरी खत्म होगी, लेकिन रिश्तों की रिचार्जिंग हाथ से फिसल जाएगी। स्क्रीन टाइम घटाकर, "संवेदनाओं का टाइम" बढ़ाइए।
लाइक्स की बजाय सच्चे स्माइल्स पर फोकस कीजिए।
आज का सबसे बड़ा 'डिजिटल धोखा' यही है।हम दूसरों को यह दिखाने में लगे हैं कि हम कितने खुश हैं, जबकि हम खुद को यह भूल चुके हैं कि हमें असल में क्या खुशी देता है।
Comments
Post a Comment