"व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी से निकले डॉक्टर: गांधी पीस फाउंडेशन नेपाल का डिग्री वाला धंधा"

✍️ संपादकीय -
7 जुलाई 2025 

 *"व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी से निकले डॉक्टर: गांधी पीस फाउंडेशन नेपाल का डिग्री वाला धंधा"* 
आज एक ऐसा दौर आ चुका है जहां "डॉक्टरेट" अब ज्ञान का प्रमाण नहीं, पैकेज्ड प्रतिष्ठा का तमाशा बन गया है। बात गांधी की  नहीं, गांधी पीस फाउंडेशन नेपाल की हो रही है — जो न तो भारत की मान्यता प्राप्त संस्था है, न यूजीसी से सम्बद्ध, न ही शिक्षा मंत्रालय की स्वीकृत सूची में दर्ज — फिर भी यह संस्था भारत के विभिन्न हिस्सों में "डॉक्टरेट" की उपाधियां बांट रही है, जैसे कोई मिठाई का डिब्बा बांटा जा रहा हो। यहां मैं बोलूंगा तो फिर कहोगे कि बोलता है।

आज देश में शिक्षा और शोध का सबसे बड़ा अपमान अगर कोई कर रहा है, तो वह है — गांधी पीस फाउंडेशन नेपाल जैसी वह संस्था, जो डॉक्टरेट की मानद उपाधियाँ नहीं, बल्कि “इमेज पैकेज” बेच रही है।
यह न कोई विश्वविद्यालय है, न कोई शोध संस्थान। फिर भी, राजस्थान और हरियाणा के सीमावर्ती जिलों में फर्जी “डॉ.” तैयार करने का अघोषित कारखाना बन चुका है। 'डॉ.' का तमाशा: ना थीसिस, ना शोध — बस फोटो, माला और सर्टिफिकेट! डिग्री मिलती है बिना पढ़ाई के, सम्मान मिलता है बिना संघर्ष के,और "ज्ञान" मिलता है वॉट्सएप यूनिवर्सिटी से! यह विडंबना नहीं, एक सच्चाई है — जहां गांधी पीस फाउंडेशन नेपाल द्वारा आयोजित "सम्मान समारोहों" में मंच सजे होते हैं, माला, शॉल, ड्रम और ढोल के बीच लोगों को “डॉ.” बना दिया जाता है — वो भी सिर्फ पैसे और प्रभाव के आधार पर। गांधी का नाम, बाजार का काम। गांधी के नाम पर यह जो फाउंडेशन चल रही है, उसका न भारत में कोई शैक्षणिक मान्यता है, न यूजीसी, न एमएचआरडी, न कोई वैधानिक रिसर्च निकाय।
फिर भी यह संस्था ₹15,000 से ₹2 लाख तक में “मानद डॉक्टरेट” का सौदा कर रही है — और समाज के कुछ भोले लोग इस झांसे में आकर खुद को "डॉ." कहलवाने लगे हैं। यह न केवल नैतिक अपराध है, बल्कि यह शिक्षा व्यवस्था के प्रति धोखा और संविधान का उल्लंघन है।

 *संविधान का अपमान: अनुच्छेद 18 की धज्जियाँ* 

भारतीय संविधान का अनुच्छेद 18(1) स्पष्ट कहता है कि कोई भी व्यक्ति बिना भारत सरकार की अनुमति के किसी विदेशी संस्था से मिली उपाधि का उपयोग नहीं कर सकता।
गांधी पीस फाउंडेशन नेपाल जैसी संस्था न तो मान्य है, न ही भारत सरकार की सूची में अधिकृत। फिर भी जो लोग अपने नाम के आगे “डॉ.” लिख रहे हैं, वे संविधान की भावना का उल्लंघन कर रहे हैं।
---

 *डिग्री के नाम पर धोखाधड़ी, इमेज के नाम पर ठगी* 

यह सिलसिला सिर्फ डिग्री तक सीमित नहीं है। इस तथाकथित डॉक्टरेट के बाद लोग मंचों पर जाकर समाज सुधारक, विचारक, लेखक और मोटिवेशनल स्पीकर बन जाते हैं — और भोली जनता उनके झूठे तमगे को सच्चा समझकर सम्मान भी देती है।  क्या यह फर्जी आईएएस, आईपीएस बताकर समाज को गुमराह करने जैसा अपराध नहीं है?
--
 *"डॉ." का इस्तेमाल मानसिक ठगी का माध्यम बन गया है* 

इन उपाधियों के सहारे कुछ लोग सामाजिक मान्यता, मंच, और कई बार सरकारी योजनाओं का लाभ भी उठाने की कोशिश करते हैं। जो असली शोधकर्ता 5 साल खून-पसीना एक करके पीएचडी करता है, उसकी मेहनत को इस तरह की “वॉलमार्ट डॉक्टरेट” बेशर्मी से कुचल रही है।
---
 *स्थानीय नेटवर्क और प्रशासनिक चुप्पी* 

यह मायाजाल इसलिए भी पनप रहा है क्योंकि स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और यहां तक कि कुछ शिक्षा अधिकारी भी मंच साझा कर रहे हैं। यह या तो अज्ञान है, या मौन सहमति। यदि ऐसे आयोजनों में उच्च अधिकारी भाग लें, तो आम जनता को कैसे समझ आएगा कि यह फर्जी है?

 *समाज को जागरूक करने की जरूरत है* 

 डॉक्टरेट कोई तमाशा नहीं, यह एक विद्वता की संज्ञा है। गांधी का नाम मानवता और सत्य का प्रतीक है, उसे व्यापार बनाना शर्मनाक है। अगर कोई व्यक्ति बिना शोध के, पैसे से खरीदी गई डिग्री के साथ “डॉ.” लिखता है, तो वह कानूनी और नैतिक अपराधी है।

 *प्रशासन को अब जागना चाहिए — यह सिर्फ मजाक नहीं, धोखा है!* 

फर्जी उपाधियों का खुलासा हो
मंच आयोजकों पर कार्रवाई हो
ऐसे लोगों की सामाजिक विश्वसनीयता की जांच हो
शिक्षा और सम्मान को सच्चे मूल्यों से जोड़ने का अभियान चलाया जाए।
 आज “डॉ.” एक उपसर्ग नहीं, “उपद्रव” बनता जा रहा है
जब तक समाज ज्ञान और सच्चाई के आधार पर सम्मान देना नहीं सीखेगा,
तब तक ये “गांधी” के नाम पर चल रही “डिग्री दुकानें” बंद नहीं होंगी। अब समय है कि हम झूठे तमगों की असलियत को पहचानें,और शिक्षा के मंदिर को बाज़ार नहीं बनने दें।

Comments

Popular posts from this blog

संवैधानिक इस्तीफा या मजबूरी का मंथन – उपराष्ट्रपति धनखड़ का कदम और लोकतंत्र की गूंज

"भोजन की थाली में हमारी सभ्यता का आईना"

पचेरी की बहू नीलम सोनी ने अंग्रेजी विषय में किया नेट जेआरएफ क्वालिफाइड।