डब्बाबंद साड़ी आंदोलन – दिखावे के धागों में उलझा समाज
संपादकीय
16 अगस्त 2025
*"डब्बाबंद साड़ी आंदोलन – दिखावे के धागों में उलझा समाज"*
कभी सोचा है हम किस कदर कपड़े के धागों में उलझ चुके हैं? हमारी सामाजिक रस्में, रिश्तों की मिठास और मान-सम्मान का पैमाना अब इंसानी भावनाओं से ज्यादा डब्बाबंद साड़ियों और पैकिंग सूट के वजन से तौला जाने लगा है। यह सिर्फ कपड़े का आदान-प्रदान नहीं, बल्कि समाज की एक गहरी विकृति का रंगीन आवरण है — जो बाहर से चमकदार, अंदर से सड़ा हुआ है। यहां मैं बोलूंगा तो फिर कहोगे कि बोलता है।
हमारे समाज में एक विचित्र परंपरा ने जन्म लिया है—कपड़ों के नाम पर दिखावा, लेन-देन और अपव्यय का ऐसा जाल जिसमें रिश्ते, मान-सम्मान और भावनाएं भी उलझकर रह गई हैं। यह परंपरा किसी एक वर्ग की नहीं, बल्कि पूरे समाज की आदत बन चुकी है, जिसे लोग मान-सम्मान का प्रतीक मानते हैं, पर वास्तव में यह सामाजिक विकृति है।
आज भी शादियों से लेकर संस्कारों तक, बहनों-बेटियों के आने-जाने पर मान-सम्मान के नाम पर कपड़ों का आदान-प्रदान ऐसे होता है, मानो बिना यह रस्म निभाए रिश्ते अधूरे रह जाएंगे। संदूक, अलमारियां और सूटकेस में इन डब्बाबंद कपड़ों से भरते जाते हैं — और अचरज यह कि इन्हें पहनने की बारी शायद ही कभी आती है। यह कपड़े अक्सर नाप में ठीक नहीं होते, फैशन से बाहर हो जाते हैं, या यूं ही अगले मौके तक पैक रह जाते हैं।
कपड़ों का लेन-देन मानो एक अनिवार्य रस्म बन चुकी है। खासकर "डब्बा बंद साड़ी आंदोलन" के रूप में यह चलन इस हद तक बढ़ गया है कि हर घर के संदूक, पेटी और आलमारी में ढेरों नए कपड़े ऐसे ही पड़े रहते हैं, जो कभी पहनने के काम नहीं आते। बहन-बेटियों के आने-जाने पर, रिश्तेदारी निभाने के नाम पर, और मान-सम्मान के बहाने कपड़े थमाने की होड़ लगी रहती है। नतीजा यह है कि असली जरूरतमंद को कपड़े की जगह केवल दिखावे का बोझ मिलता है।
दहेज में कपड़ों का बोलबाला ऐसा है कि लाखों-करोड़ों रुपए केवल इन पर बर्बाद हो जाते हैं। शादी में दूल्हा-दुल्हन को जो कपड़े दिए जाते हैं, वे अक्सर कभी पहने ही नहीं जाते। इससे भी दुखद पहलू यह है कि नए रिश्तों में यह लेन-देन कई बार खटास पैदा कर देता है—क्योंकि कपड़े की गुणवत्ता, ब्रांड या संख्या पर अनकही तुलना और ताने शुरू हो जाते हैं।
दहेज में तो इनका दबदबा इतना है कि गहनों से पहले लोग पूछते हैं — "कितनी साड़ियां दी गईं?"। विवाह से लेकर जन्मोत्सव और यहां तक कि अंतिम यात्रा तक, यह "कपड़ा आंदोलन" हमारे सिर पर ऐसा सवार है कि चाहकर भी उतरने का नाम नहीं लेता। जवान मौत हो या बुजुर्ग की विदाई — चिता पर चढ़ने से पहले मृतक के ऊपर इतना कपड़ा डाल दिया जाता है कि मानो आत्मा को नहीं, कपड़ों को मोक्ष दिलाना हो। गरीबों को देने के बजाय, वे कपड़े आग में झोंक दिए जाते हैं — और यह दृश्य देखकर भी किसी की आंख नहीं झपकती। जलती चिता में सैकड़ों रुपए के कपड़े जला दिए जाते हैं, जबकि वही कपड़े गरीब और जरूरतमंद लोगों को दिए जाएं तो उनका जीवन बदल सकता है। यह अपव्यय केवल आर्थिक नुकसान नहीं, बल्कि संवेदनाओं और संसाधनों का भी अनादर है।
कपड़ा उद्योग और व्यापारी भी इस परंपरा को और हवा देते हैं। 'इवेंट', 'सेल' और 'स्कीम' के नाम पर लोग थोक में साड़ियां और सूट खरीदते हैं, ताकि दिखावे में कमी न रह जाए। मगर यह भूल जाते हैं कि समाज में जरूरत से ज्यादा कपड़ों का यह प्रवाह न केवल संसाधनों की बर्बादी है, बल्कि एक सामाजिक रोग भी है। कपड़ा उद्योग और व्यापारी भी इस परम्परा को भुनाने में माहिर हैं। "साड़ी मेले", "त्योहार ऑफर" और "शादी पैकेज" के नाम पर लाखों का कारोबार चलता है, और समाज इसे सहजता से स्वीकार करता है। इस व्यापार में भावनाओं का सौदा होता है, और दिखावे के कपड़े असल जरूरत से ज्यादा अहमियत पा लेते हैं।
दुख की बात यह है कि इस बर्बादी के खिलाफ कोई ठोस सामाजिक आंदोलन खड़ा नहीं हुआ। "डब्बा बंद साड़ी आंदोलन" केवल शब्दों में ही चर्चा पाता है, जबकि व्यवहार में इसे खत्म करने की हिम्मत बहुत कम लोग जुटा पाते हैं। जरूरत है कि समाज इस आदत को बदलने का संकल्प ले। कपड़ों का लेन-देन आवश्यकता और उपयोगिता के आधार पर हो, दिखावे और मजबूरी के आधार पर नहीं। तभी हम इस बेवजह के बोझ से मुक्त हो पाएंगे।
विडंबना यह है कि जितना पैसा और मेहनत इस लेन-देन में खर्च होता है, उतना यदि किसी लड़की की शिक्षा, किसी गरीब की मदद या किसी सामाजिक कार्य में लगाया जाए तो असल में मान-सम्मान भी बढ़ेगा और रिश्ते भी। लेकिन नहीं — हमें तो पैकिंग पेपर और बॉक्स की खुशबू चाहिए, भले ही भीतर रखा कपड़ा कभी इस्तेमाल न हो।
समाज के सुधारक भी इस मुद्दे पर चुप्पी साधे रहते हैं। शायद उन्हें लगता है कि यह "छोटी" समस्या है, पर असल में यह बर्बादी और दिखावे की बड़ी जड़ है। रिश्तों में खटास भी कई बार इसी से आती है — "हमने इतने कपड़े दिए, उन्होंने कम दिए" — यह तुला भाव धीरे-धीरे मन में जहर घोल देता है।
अब वक्त है कि हम इस "डब्बाबंद साड़ी आंदोलन" पर गंभीरता से चिंतन करें। यह आंदोलन किसी कागजी प्रस्ताव या फेसबुक पोस्ट से खत्म नहीं होगा, बल्कि साहस के साथ "ना" कहने से खत्म होगा। अगली बार शादी या समारोह में जाएं, तो उपहार के रूप में किताब, पौधा या कुछ ऐसा दें जो जीवन में सच में काम आए — न कि सिर्फ अलमारी में जगह घेरे।
अगर हम सच में समाज को बदलना चाहते हैं, तो कपड़े की बजाय रिश्तों में आत्मीयता और सादगी की बुनाई करनी होगी। वरना हम दिखावे के धागों में ऐसे उलझ जाएंगे कि असल जिंदगी का कपड़ा फट जाएगा — और तब न सिलने वाला मिलेगा, न पहनने वाला।
यदि हम मान-सम्मान और रिश्तों को कपड़े के पैकेट से नहीं, बल्कि सच्चे मन से तौलना शुरू करें, तो रिश्तों में मिठास और समाज में सादगी दोनों लौट आएंगे। कपड़ों का सही उपयोग, जरूरतमंद को दान और दिखावे से परहेज़—यही होगा असली "साड़ी आंदोलन"।
Comments
Post a Comment