गलती: भय नहीं, सफलता की सीढ़ी
संपादकीय-
16 अक्टूबर 2025
*गलती: भय नहीं, सफलता की सीढ़ी*
"थॉमस एडिसन से जब यह पूछा गया कि हजारों असफल प्रयासों के बाद भी उन्होंने बल्ब बनाने का प्रयास क्यों नहीं छोड़ा, तो उनका उत्तर था – ‘मैं असफल नहीं हुआ, मैंने तो केवल ऐसे हजार रास्ते खोज लिए जो काम नहीं करते।’"यहां मैं बोलूंगा तो कहोगे कि बोलता है।
यह प्रसंग हमें एक गहरी सीख देता है—गलती दरअसल हमारी हार नहीं है, बल्कि आगे बढ़ने की दिशा दिखाने वाला संकेत है।
हममें से अधिकांश लोग गलती होते ही आत्मग्लानि और भय में डूब जाते हैं। हम सोचने लगते हैं— “मैं किसी काम के लायक नहीं” या “मुझसे हमेशा गलतियाँ होती हैं।” यह आत्म-आलोचना धीरे-धीरे हमारे आत्मविश्वास को खोखला कर देती है। परिणाम यह होता है कि हम भविष्य के अवसरों से दूर भागने लगते हैं।
गलतियों का डर हमें उसी जगह ठहरा देता है, जहाँ हम खड़े हैं। हम नए प्रयास करना बंद कर देते हैं, और यही ठहराव जीवन की सबसे बड़ी विफलता बन जाता है।
गलती का दूसरा पक्ष: सीख और अवसर देता है। यदि हम अपने दृष्टिकोण को बदलें तो पाएंगे कि गलती, अपने भीतर एक नया अवसर छुपाए बैठी है। जब हम किसी कार्य में चूक करते हैं, तो वह इस बात का प्रमाण है कि हमने प्रयास किया। गलती यह बताती है कि अभी जानकारी अधूरी है, अनुभव कम है या परिस्थितियाँ जटिल हैं।
यहीं से सीखने की प्रक्रिया शुरू होती है। जो गलती हमें गिराती है, वही गलती हमें भविष्य में संभालने की ताकत भी देती है।
महात्मा गांधी स्वयं स्वीकार करते थे कि उन्होंने जीवन में कई भूलें कीं, लेकिन उन्हीं भूलों से उन्हें “सत्य” और “अहिंसा” का मार्ग दिखा। अगर गांधी अपनी गलतियों से भाग जाते, तो शायद वे राष्ट्रपिता के रूप में स्मरणीय न बन पाते।
गलती और समाज का नजरिया देखिए- हमारे समाज में गलती करने वाले को अक्सर हंसी, उपहास या कठोर आलोचना का सामना करना पड़ता है। बचपन से ही बच्चों को यह सिखाया जाता है कि “गलती मत करना”। इस मानसिकता ने लोगों के भीतर असफलता का डर बिठा दिया है।
लेकिन यह सोच बदलने की जरूरत है। हमें बच्चों और युवाओं को यह सिखाना होगा कि गलती करना बुरा नहीं है, बल्कि गलतियों से सीख न लेना असली गलती है।
इतिहास और विज्ञान की राह में गलतियां से सीखने के अनेक उदाहरण है। मानव सभ्यता का पूरा इतिहास गलतियों और उनसे मिली सीख पर टिका हुआ है। न्यूटन ने गिरते हुए सेब को देखकर गुरुत्वाकर्षण का सिद्धांत खोजा। अगर वे यह सोचते कि “यह तो मामूली घटना है, इसमें सोचने लायक कुछ नहीं,” तो विज्ञान आज अलग होता।
एपीजे अब्दुल कलाम ने अपने करियर की शुरुआत में रॉकेट प्रक्षेपण में असफलता झेली। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। उन्हीं असफलताओं से सीखकर वे भारत के “मिसाइल मैन” और बाद में राष्ट्रपति बने।
गलतियों से उपजा भ्रम यह है कि सच यह है कि गलती के बाद मन भ्रमित होता है। हम बार-बार सोचते हैं— “अगर मैंने ऐसा न किया होता तो क्या होता?” या “काश मैंने वह कदम न उठाया होता।”
यह सोच हमें अतीत में फंसा देती है। लेकिन यह भ्रम एक चेतावनी भी है कि हमें ठहरकर सोचने की, विश्लेषण करने की और दिशा बदलने की आवश्यकता है।
यही वह बिंदु है जहाँ से आत्मविकास शुरू होता है।
यदि हम गलती को “समाप्ति” मान लें तो सब खत्म हो जाता है। लेकिन यदि हम गलती को “नया आरंभ” मान लें तो यही गलती हमें भविष्य में बेहतर इंसान बना देती है।
गलतियों से उबरने का सबसे बड़ा रास्ता है—खुद को माफ करना। जब हम अपनी ही गलती पर खुद को कठघरे में खड़ा कर देते हैं, तो मानसिक रूप से थकान और निराशा हावी हो जाती है। जबकि गलती स्वीकार करना और खुद को क्षमा करना आगे बढ़ने का पहला कदम है।
इसके बाद जरूरी है कि हम भविष्य के लिए एक नई रणनीति बनाएं। एक बेहतर सोच और योजनाबद्ध प्रयास ही हमें उसी गलती को दोहराने से बचाते हैं।
जीवन का व्यावहारिक सूत्र ,गलती से डरें नहीं, क्योंकि जहां प्रयास होगा वहीं गलती होगी। गलती को याद रखें, क्योंकि वही अगली बार सफलता का आधार बनेगी।
गलती से सीखें, क्योंकि यही सीख जीवन का असली ज्ञान है।
गलती कोई दुश्मन नहीं है। यह तो जीवन की सबसे बड़ी शिक्षक है। वह हमें वह सिखा देती है, जो कोई किताब या गुरु कभी-कभी नहीं सिखा पाते।
इसलिए अगली बार जब आप कोई गलती करें तो उसे अपनी असफलता मत मानिए। उसे अपनी यात्रा का हिस्सा मानिए। याद रखिए—गलती वही करता है जो प्रयास करता है, और प्रयास वही करता है जो सपने देखता है। सपने वही पूरे करता है, जो अपनी गलतियों को सफलता की सीढ़ी बना लेता है।
गलती से मत डरिए, उसे गले लगाइए। क्योंकि हर गलती आपको मंजिल के और करीब ले जाती है।
Comments
Post a Comment